शहडोल। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में कमलनाथ सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। भाजपा कार्यकर्ता राजगढ़ में हुई घटना का विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए आए हुए थे। दोपहर एक बजे जिले के कोने कोने से कार्यकर्ताओं का यहां जयस्तंभ चौक में जमावड़ा शुरू हुआ। यहां डेढ़ बजे से सभा की शुरूआत हुई और अपरान्ह तीन बजे तक प्रदेश सरकार के मुखिया के खिलाफ जुबानी जंग चलती रही। तीन बजकर बारह मिनट पर कार्यकर्ता जय स्तंभ चौक से कलेक्ट्रेट के गेट की ओर कूच कर गए। यहां पहले से एसडीएम मिलिंद नागदेवे मौजूद थे इन्होंने गेट पर ही जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छावड़ा को रोकते हुए ज्ञापन ले लिया। युवा चाहते थे बेरिकेट्स फांदनाः विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बेरिकेट्स फांदकर अंदर कलेक्ट्रेट परिसर में घुसना चाहते थे लेकिन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने ऐसा करने से मना कर दिया जिसके बाद युवा कार्यकर्ता अनुशासन का परिचय देते हुए पीछे हट गए। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय सिंह बघेल, सोहागपुर मंडल अध्यक्ष सूर्यकांत मिश्रा, पार्षद संतोष लोहानी सहित कई युवा कार्यकर्ता जोश में थे और किसी भी तरह से कलेक्ट्रेट के अंदर जाकर ज्ञापन देने की तैयारी में थे लेकिन गेट पर ही ज्ञापन देकर मामला शांत कर दिया गया। इस दौरान जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर रखा था जो कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध करने वाली भीड़ की लगातार निगरानी कर रही थी।